दैनिक समाचार प्रसारण – २१ अक्टूबर, २०२६
१७ अक्टूबर को प्रकाशित एक रिपोर्ट में अमेरिकी मध्य कमान के प्रवक्ता कैप्टन टिम हॉकिन्स ने कहा कि होर्मुज़ जलडमरूमध्य से गुज़रने का प्रयास करने वाले लगभग ९७% जहाज़ ईरानी प्रक्षेपास्त्रों की चपेट में आए बिना गुज़र गए, उन्होंने कहा कि हमलों के बावजूद यह जलमार्ग खुला रहा। कमान ने बताया कि पिछले ७ दिनों में लगभग ४०० व्यापारिक जहाज़ वहाँ से गुज़रे, जबकि अमेरिकी बलों ने खाड़ी के साझेदार देशों को १० करोड़ बैरल से अधिक कच्चे तेल की ढुलाई में सहायता दी। कैप्टन हॉकिन्स ने कहा कि अमेरिकी बल ईरानी व्यापार की नाकाबंदी भी जारी रखे हुए हैं, जिसमें अधिकृत मानवीय सहायता की खेपों को छूट है (Fox News)
मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फ़त्ताह अल-सिसी ने १७ अक्टूबर को कहा कि यदि सऊदी अरब सहायता माँगता है, तो मिस्र उन्हें यमन के ईरान-समर्थित हूतियों के हमलों से बचाने के लिए "कोई भी कदम" उठाएगा (Fox News)
पाकिस्तान और ओमान ने अपने संयुक्त मंत्रिस्तरीय आयोग के ८वें सत्र में सहयोग के ६ दस्तावेज़ों का आदान-प्रदान किया। इनमें राजनयिक और आधिकारिक पासपोर्ट धारकों को वीज़ा से छूट, अभिलेखागार, प्रसारण, सूचना प्रौद्योगिकी, दूरसंचार और मीडिया सहयोग शामिल हैं। पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने पाकिस्तान में ओमान के विदेश मंत्री सैयद बद्र अल बुसैदी से मुलाकात की। दोनों पक्षों ने मज़बूत होते द्विपक्षीय संबंधों का स्वागत किया और क्षेत्रीय तनाव दूर करने के लिए संवाद और कूटनीति पर ज़ोर दिया (Geo News)
खबरों के अनुसार, १७ अक्टूबर को पूरे फ़्रांस में लगभग ५ लाख ५० हज़ार लोगों ने जीवन-यापन की बढ़ती लागत, शिक्षा के वित्तपोषण तथा पेंशन और सार्वजनिक सेवाओं में प्रस्तावित कटौती को लेकर प्रदर्शन किया। अधिकांश प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहे, लेकिन कुछ समूहों ने आगज़नी की, दुकानों में लूटपाट की और सार्वजनिक इमारतों पर हमले किए। देश भर में २,४०० से अधिक लोगों को गिरफ़्तार किया गया। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि मध्य फ़्रांस के लिमोज में जानबूझकर लगाई गई आग से ऐतिहासिक नगर भवन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उनकी छत का बड़ा हिस्सा ढह गया (New York Post, Fox News, DW)
हो ची मिन्ह सिटी [औलक (वियतनाम)] में १३ अक्टूबर को एक खलिहानी उल्लू-जन को बचाया गया, जो दोनों पंखों के पर काट दिए जाने के कारण उड़ नहीं पा रहा था। बचावकर्मियों ने शरीर का तापमान बहुत कम होने और पंखों की हड्डियों के पास लगी चोटों के उपचार के लिए पशुचिकित्सकीय सहायता माँगी। शहर के वन संरक्षण अधिकारियों ने आगे की देखभाल और अंततः जंगल में छोड़े जाने की व्यवस्था के लिए बचाव केंद्र से संपर्क किया है (Dân trí)
कंबोडिया के गृह मंत्रालय के प्रवक्ता रेन रतना ने बताया कि ऑनलाइन ठगी में कथित संलिप्तता को लेकर देश में ७७ पुलिस अधिकारियों को गिरफ़्तार कर बर्खास्त किया गया है (Soha)
अधिकारियों ने बताया कि १७ अक्टूबर को राष्ट्रीय बिजली ग्रिड बंद होने से पूरे श्रीलंका में बिजली गुल हो गई, इसकी संभावित वजह बिजली की माँग से अधिक सौर ऊर्जा उत्पादन था। राष्ट्रीय प्रणाली संचालक ने घोषणा की कि उसी दिन बाद में बिजली पारेषण प्रणाली पूरी तरह बहाल कर दी गई थी (Channel News Asia, Daily Mirror)
मौसम में अप्रत्याशित बदलाव से नाक और गले में जलन हो सकती है। VnExpress ने बचाव के उपाय बताए हैं: तापमान में अचानक बदलाव से बचें; पर्याप्त पानी पिएँ और निर्देशानुसार नाक में सलाइन की बूँदें या स्प्रे इस्तेमाल करें; धूल और श्वसन संबंधी विषाणुओं के संपर्क में कम आएँ; और पर्याप्त नींद लें तथा संतुलित भोजन करें (VnExpress)
ओहायो [अमेरिका] की बेलमॉन्ट काउंटी में लाइम रोग के मामले लगातार बढ़ने पर स्वास्थ्य अधिकारी जागरूकता बढ़ा रहे हैं। काउंटी में १ अक्टूबर तक १८९ मामले दर्ज हुए, जिससे यह ओहायो की सबसे अधिक मामलों वाली काउंटियों में से एक है। संक्रमित काले पैरों वाली किलनियों से फैलने वाले इस रोग से बुखार, थकान, सिरदर्द, जोड़ों में दर्द और कभी-कभी फैलता हुआ चकत्ता हो सकता है। अधिकारियों ने किलनी-रोधी उत्पाद लगाने, सुरक्षात्मक कपड़े पहनने, शरीर पर किलनियों की जाँच करने और लक्षण दिखने पर चिकित्सा सहायता लेने का आग्रह किया है (The Times Leader)
नैरोबी [केन्या] में १० से ११ अक्टूबर को आयोजित फेफड़ों के स्वास्थ्य सम्मेलन में एक साक्षात्कार के दौरान, WHO [विश्व स्वास्थ्य संगठन] के महानिदेशक के दीर्घकालिक श्वसन रोगों संबंधी विशेष दूत होसे लुइस कास्त्रो ने अफ़्रीकी सरकारों से इन रोगों के प्रति जागरूकता बढ़ाने, शीघ्र निदान बेहतर बनाने और स्वच्छ हवा, धूम्रपान-मुक्त वातावरण तथा उचित चिकित्सा देखभाल की नीतियाँ अपनाने का आग्रह किया (New Vision)
१७ अक्टूबर को बलूचिस्तान प्रांत [पाकिस्तान] के खुज़दार के पास १० किलोमीटर की गहराई पर ५.७ तीव्रता का भूकंप आया। संयुक्त राज्य भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण ने भूकंप की पुष्टि की; चट्टानें गिरने से १ व्यक्ति की मृत्यु हुई और कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए (UOL News, Dawn)
दक्षिणी कैलिफ़ोर्निया [अमेरिका] में जंगलों की आग से भारी तबाही हुई है और हज़ारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा है। नोर्ते की आग में लगभग २ वर्ग किलोमीटर क्षेत्र जल गया और ६ मकान क्षतिग्रस्त या नष्ट हो गए। अन्य जगहों पर लगी आग से भी बस्तियों को खतरा है, जबकि तेज़ हवाओं, अत्यधिक गर्मी और एहतियाती बिजली कटौती से सेवाएँ बाधित हैं (ABC News Australia)
अल नीनो मौसम प्रणाली से जुड़ी भारी वर्षा के बाद अर्जेंटीना-ब्राज़ील सीमा पर इग्वासू जलप्रपात का प्रवाह रिकॉर्ड १ करोड़ ५० लाख लीटर प्रति सेकंड तक पहुँच गया, जो सामान्य से १० गुना है। अर्जेंटीना के अधिकारियों ने सुरक्षा के लिए पर्यटकों वाले क्षेत्र अस्थायी रूप से बंद कर दिए हैं (The Guardian)
मोंटाना [अमेरिका] में स्थानीय घासभूमियों को बहाल करने और संरक्षित रखने वाली गैर-लाभकारी संस्था अमेरिकन प्रेयरी के संरक्षण झुंड में अब १,०१६ बाइसन-जन हैं, अपने २० वर्ष से अधिक के इतिहास में संस्था ने पहली बार १ हज़ार का आँकड़ा पार किया है। संस्था प्रेयरी आवास के [१२.९५ लाख हेक्टेयर] क्षेत्र के संरक्षण के अपने लक्ष्य के तहत [२,४४,०३१ हेक्टेयर] से अधिक भूमि का प्रबंधन करती है (Good News Network)
अगस्त २०२५ से जुलाई २०२६के बीच ब्राज़ील के अमेज़न वर्षावन में वनों की कटाई लगभग ४२% घटकर ३,३३५ वर्ग किलोमीटर रह गई, १९८८ में रिकॉर्ड रखना शुरू होने के बाद से यह किसी भी १२ महीने की अवधि का सबसे कम आँकड़ा है। ब्राज़ील के सेराडो सवाना में भी वन क्षेत्र का नुकसान लगभग २४% घटकर ५,५१७ वर्ग किलोमीटर रह गया, जो २००१ में निगरानी शुरू होने के बाद सबसे कम है। ब्राज़ील के राष्ट्रपति लुइज़ इनासियो लूला दा सिल्वा ने २०३० तक वनों की कटाई समाप्त करने का संकल्प लिया है (Reuters)
अर्जेंटीना के वाका मुएर्ता क्षेत्र में फ़्रैकिंग स्थलों के पास रहने वाले लोग कैंसर, गर्भपात, जन्मजात विकार और अन्य बीमारियों की शिकायत कर रहे हैं उन्हें संदेह है कि इनका संबंध फ़्रैकिंग से होने वाले प्रदूषण से है, हालाँकि कारण स्थापित करने के लिए स्थानीय शोध अपर्याप्त है। तेल और गैस का उत्खनन बढ़ने के साथ डॉक्टर और आदिवासी समुदाय स्वास्थ्य निगरानी और अधिक पारदर्शिता की माँग कर रहे हैं (The Guardian)
ब्रिटेन की सरकार ने २०३२ तक २ निष्क्रिय उपग्रहों को कक्षा से हटाने के मिशन के लिए ६ करोड़ पाउंड से अधिक देने की प्रतिबद्धता जताई है, इससे दिशानिर्देशन, मौसम पूर्वानुमान और संचार में सहायक सक्रिय उपग्रहों की सुरक्षा में मदद मिलेगी। २०२९ में स्कॉटलैंड से प्रक्षेपित होने वाला मलबा हटाने वाला नया अंतरिक्ष यान रोबोटिक पंजों से दोनों उपग्रहों को पकड़ेगा और उन्हें पृथ्वी के वायुमंडल में उतारेगा, जहाँ वे जलकर नष्ट हो जाएँगे। इसका लक्ष्य एक ही अंतरिक्ष यान से कई उपग्रहों को हटाने वाला पहला मिशन बनना है (Gov.uk)
पेन स्टेट विश्वविद्यालय २२ अक्टूबर को शाम ५ से ७ बजे तक पेनसिल्वेनिया [अमेरिका] के स्टेट कॉलेज स्थित सेंट पॉल्स यूनाइटेड मेथोडिस्ट चर्च में पौधों पर आधारित भोजन का निःशुल्क कार्यक्रम "Plant Powered PSU " आयोजित करेगा, आगंतुक व्यंजनों का स्वाद चख सकेंगे, छात्र प्रदर्शनियाँ देख सकेंगे और सहभागितापूर्ण गतिविधियों का आनंद ले सकेंगे, दीर्घकालिक -आहार पर केंद्रित इस कार्यक्रम में व्यंजन विधियाँ भी उपलब्ध होंगी और इनामी ड्रॉ भी होंगे (PSU.edu)
ब्रिटिश ब्रांड विवियन वेस्टवुड ने फ़्रांस के पेरिस फ़ैशन वीक में अपने वसंत/ग्रीष्म २०२७ संग्रह की ३ शैलियों में पक्षियों से प्राप्त पंखों के विकल्प फ़ेवर्स को प्रदर्शित किया। कंपनी के रचनात्मक निदेशक आंद्रेयास क्रोनथालर ने फ़ैशन में क्रूरता-मुक्त नवाचार को प्रमुखता दी (PETA UK)
सोया कर्ल्स पशु-जनों के मांस का प्रोटीन-समृद्ध विकल्प हैं, जिन्हें कई तरह से इस्तेमाल किया जा सकता है। साबुत सोयाबीन से बनी ये पट्टियाँ बिना प्रशीतन के लंबे समय तक रखी जा सकती हैं। पानी में भिगोने पर इनकी बनावट चबाने योग्य और मुर्गे के मांस जैसी हो जाती है। इनसे प्रोटीन, रेशा, स्वास्थ्यकर वसा और आइसोफ़्लेवोन मिलते हैं, इनमें कोई अतिरिक्त परिरक्षक नहीं मिलाया जाता (VegNews)
१४ अक्टूबर को काल्पे [स्पेन]के अरेनाल-बोल समुद्र तट पर लोगों ने ८० वर्ष की एक युवा महिला को डूबने से बचाया। ७३ वर्षीय गैब्रियल सहायता के लिए तट से २० मीटर दूर तैरकर गए, ब्रिटिश पर्यटक ब्रायन ने भी मदद की और एक स्पेनी दंपति ने आपातकालीन सेवाओं को बुलाया (EuroWeekly News)
कोलंबिया के संवैधानिक न्यायालय ने १९८९ के एक कानूनी प्रावधान को निरस्त करते हुए, मानव उपभोग के लिए न रखे गए पशु-जनों को केवल अत्यधिक वृद्ध होने के कारण मारने पर सर्वसम्मति से प्रतिबंध लगा दिया। १६ अक्टूबर को सामने आए इस फैसले में पशु-जनों की संवेदनाएँ महसूस करने की क्षमता पर ज़ोर दिया गया है और उनकी देखभाल व सुरक्षा के दायित्व मज़बूत किए गए हैं (Noticias Ambientales)
इंग्लैंड [ब्रिटेन] में RSPCA [पशुओं के प्रति क्रूरता की रोकथाम के लिए रॉयल सोसाइटी] द्वारा बचाए जाने के बाद, जूड नामक ९ वर्षीय लर्चर कुत्ता-जन को १८ अक्टूबर तक गोद लिए जाने की प्रतीक्षा करते हुए ४२८ दिन हो चुके हैं। २०२६ का अडॉप्टोबर अभियान उसके लिए स्थायी घर तलाश रहा है (BBC/ The Cool Down)
आज का प्रेरणादायक उद्धरण: "यदि हमें आपके और आपके नाती-पोतों के लिए एक सुंदर संसार छोड़ना है, तो हमें इस तथ्य को गंभीरता से लेना होगा कि सृष्टि हमारी संपत्ति नहीं है, हम सृष्टि का हिस्सा हैं। हम पृथ्वी, जल और दूसरे मनुष्यों के साथ जो चाहें, वह नहीं कर सकते। परमेश्वर हमसे अपेक्षा करते हैं कि हम पृथ्वी को अच्छी स्थिति में रखें"। - मर्सी अम्बा ओडुयोये, घाना की मेथोडिस्ट धर्मशास्त्री (Earth Hope)
किम कील के मृत्यु-समीप अनुभव पर आधारित ३-भाग की इस शृंखला के भाग १ में, किम अपने उस कठिनाइयों से भरे जीवन को याद करती हैं जिसने उन्हें दवा की अत्यधिक मात्रा लेने तक पहुँचा दिया, और उस अनजान रेगिस्तान का वर्णन करती हैं जहाँ इसके बाद उन्होंने खुद को पाया। किम ने बताया कि अपने जीवन के अधिकांश समय वह बेलगाम और हिंसक थीं। उन्होंने अपनी किशोरावस्था बंदी रहकर बिताई, एक पैगन मोटरसाइकिल गिरोह के साथ रहीं और नशीले पदार्थों, शराब तथा जादू-टोने में बुरी तरह उलझ गईं। उन्होंने याद किया कि एक उइजा बोर्ड ने भविष्यवाणी की थी कि वह अपनी जान ले लेंगी। उन्होंने दुष्ट आत्माओं की यातना का भी वर्णन किया, जिसके कारण वह अपने शयनकक्ष में प्रवेश नहीं कर पाती थीं। बचपन में उन्होंने अपने शयनकक्ष के दरवाज़े पर ३ लंबी, दुबली आकृतियाँ देखीं। ९ वर्ष की उम्र में कोई चीज़ उन्हें बिस्तर से नीचे खींचने लगी, तभी दरवाज़ा अचानक खुल गया और एक चमचमाती धुंध कमरे में भर गई, जिसे उन्होंने परमेश्वर की महिमा के रूप में पहचाना।
३० से ३९ वर्ष की उम्र के दौरान किम सुबह से रात तक नशे में रहती थीं, गोलियाँ लेती थीं और अपने बच्चों के प्रति हिंसक थीं। अपने बेटे से कही गई क्रूर बातों और अतीत के अन्य कृत्यों के पछतावे से अभिभूत होकर उन्होंने अपना जीवन समाप्त करने का निर्णय लिया। यह मानकर कि उन्हें वैसे भी नरक जाना है, उन्होंने बहुत अधिक मात्रा में दवा ली और बिस्तर पर लेट गईं, उन्हें लगा कि लगभग १० मिनट में वह नरक में होंगी। मुझे पता था कि मैं नरक में पहुँचने वाली हूँ। और मुझे आखिरी बात यही याद है। इसके बाद मुझे इतना याद है कि मैं किसी चीज़ को हटाकर रास्ता बना रही हूँ, किसी चीज़ के ऊपर से कदम बढ़ा रही हूँ, और मैं रेगिस्तान में हूँ, मैं सोचती हूँ, "यह आखिर कैसी जगह है? मैंने कभी किसी शुद्धिलोक में विश्वास नहीं किया, और यह स्वर्ग नहीं है, और मैं नरक में भी नहीं हूँ"। मेरे ठीक सामने एक खाली खलिहान है, जिसके पास सफ़ेद लकड़ी की बाड़ है। और मैं चारों ओर देख रही हूँ। रोशनी अलग है। सूरज नहीं है, लेकिन उजाला है। किम के पैरों के नीचे की ज़मीन बुरादे जैसी लग रही थी। उनकी दाईं ओर उनकी माँ खड़ी थीं, जो पृथ्वी पर अब भी जीवित थीं। उन्हें वहाँ देखकर हैरान किम बिना कुछ बोले उनके पास गईं।
उन्होंने कहा, "देखो, यीशु के पास जाओ, किम। यीशु के पास जाओ"। मुझे दिखाने के लिए उन्होंने यीशु की ओर इशारा किया, और मैंने सोचा, "ओह, मैं उन्हें नहीं देखना चाहती। मैं जानती हूँ कि यहाँ पहुँचने के लिए मैंने क्या किया था"। तो हम खलिहान के पास गए, और उनके दाईं ओर एक बच्चा बैठा है। लगभग १२ वर्ष का दिखने वाला यह छोटा बच्चा, जिसके गहरे भूरे घुँघराले बाल हैं, वहाँ बैठा है - मुझे नहीं पता कि वह किस पर बैठा है, किसी चट्टान या ठूँठ या किसी और चीज़ पर - लेकिन वह खलिहान से पीठ टिकाए बैठा है, उसके हाथ में बाइबल है और वह इन अधिक उम्र के पुरुषों को सिखा रहा है। […] और मैं वहीं खड़ी सोच रही हूँ, "यह क्या हो रहा है? वह यीशु हैं। वे बच्चे जैसे क्यों दिखते हैं?"
समूह को पीछे छोड़कर किम उस सफ़ेद लकड़ी की बाड़ के साथ-साथ चलने लगीं, जो उनके और खलिहान के बीच थी। बाड़ के अंत में पहुँचकर उन्होंने एक और कदम बढ़ाने की तैयारी की। और मुझे पीछे से सुनाई दिया, "एक और कदम बढ़ाया, तो तुम बाहरी अंधकार में पहुँच जाओगी, और वापस नहीं आओगी"। और मैंने अपना पैर नीचे रख दिया। बाहरी अंधकार? यह तो नरक जैसा लगता है। तो मैं रुक गई और पलटकर देखा।
भाग २ में किम स्वयं को प्रभु यीशु मसीह (शाकाहारी) के आमने-सामने पाती हैं। मसीह के सामने खड़ी किम को डर है कि उन्हें नरक भेज दिया जाएगा। और अचानक उन्होंने बस अपना सिर नीचे की ओर झुकाकर हिलाया, और मुस्कुराए। यहीं मैं स्तब्ध रह गई। वे मुझे देखकर मुस्कुराए। किम कील के मृत्यु-समीप अनुभव पर आधारित इस ३-भाग की शृंखला के भाग २ के लिए कल हमारे साथ जुड़ें। (Touching The Afterlife YouTube channel - Thank you)